गैरसैंण को विकास की सौगात, 231.91 करोड़ की 12 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले के विकास से जुड़ी 231.91 करोड़ रुपये की 12 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास तथा 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा तथा पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
रामगंगा नदी पर बनेगा बांध, पेयजल समस्या से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की 122.69 करोड़ रुपये की परियोजना प्रमुख है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे। यह परियोजना क्षेत्र की आबादी और संपत्तियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण तथा 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण के भवन के अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया गया।
सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से फरखण्डे मोटर मार्ग तक तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के दूसरे किलोमीटर से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों की आधारशिला रखी गई।
34 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण का कार्य शामिल है।
इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन जनता को समर्पित किया गया। इससे विद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य सामूहिक गतिविधियों के आयोजन के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
सड़क सुविधाओं के तहत 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
पुलिस और अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत
गैरसैंण में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया। इन भवनों से पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं के संचालन के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इन योजनाओं के पूरा होने और प्रस्तावित कार्यों के क्रियान्वयन से गैरसैंण तथा आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आवागमन में सुधार, पेयजल उपलब्धता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।