महिलाओं ने ली मतदान की शपथ, आमजन से मतदान की अपील
टिहरी: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027(Legislative Assembly General Election-2027) के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विकासखंडों में महिला मंगल दलों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड थौलधार के कंडारगांव व सुनारगांव, चंबा के पस्सी गांव और जौनपुर के खेड़ा गांव सहित जनपद के अन्य विकासखंडों में महिला मंगल दलों की सदस्यों ने स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत निर्वाचन एवं मतदान संबंधी शपथ ली। इस दौरान महिलाओं ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन(Legislative Assembly General Election-2027) में अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे आगामी विधानसभा निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करें और अपने परिवार, आस-पड़ोस तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।