‘भैरव वाणी’ के जरिए बुलंद होगी देवभूमि की संस्कृति और जनसरोकारों की आवाज, पत्रिका व न्यूज पोर्टल का आगाज
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, सनातन परंपराओं, क्षेत्रीय सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से ‘भैरव वाणी’ पत्रिका एवं न्यूज पोर्टल का भव्य शुभारंभ किया गया। भैरव सेना के तत्वावधान में हरिद्वार बाईपास रोड स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित समारोह में सामाजिक, धार्मिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
‘सत्य, संस्कृति, संचार—देवभूमि उत्तराखंड की आवाज’ ध्येय वाक्य के साथ शुरू किए गए इस मीडिया मंच का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं, सांस्कृतिक विरासत और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत स्वामी दर्शन भारती उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम देहरादून के पार्षद राकेश पंडित, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा तथा राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र बॉबी ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर ‘भैरव वाणी’ के मुख्य संपादक संदीप खत्री ने पत्रिका एवं न्यूज पोर्टल की शुरुआत के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच जनसमस्याओं, क्षेत्रीय मुद्दों और धार्मिक-सांस्कृतिक विषयों को प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान तथ्यात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास करेगा। साथ ही पत्रिका एवं न्यूज पोर्टल का संचालन संबंधित शासकीय पंजीकरण एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘भैरव वाणी’ के माध्यम से जमीनी स्तर की खबरों का प्रकाशन, उत्तराखंड की पौराणिक एवं धार्मिक विरासत का संरक्षण, दूरस्थ क्षेत्रों की गतिविधियों को स्थान देने तथा जनहित से जुड़े विषयों को सामने लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समारोह में भैरव सेना के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार, केंद्रीय सचिव संजय पवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा मयंक मलेठा और प्रदेश संगठन मंत्री गणेश जोशी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा सामाजिक संस्था ‘देवभूमि भैरव वाहिनी’ की कार्यकर्ता गोरी कोठियाल, गीता बिष्ट, सुनीता थापा और लक्ष्मी थापा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नए मीडिया मंच की शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए इसे जनहित और क्षेत्रीय सरोकारों को अभिव्यक्ति देने वाला माध्यम बनाने की अपेक्षा जताई।