रन फॉर यूनिटी में दौड़े सीएम धामी, पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी का किया ऐलान
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी।
साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा भी की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में बढ़ेंगे खेल और पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 रुपये और तृतीय 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होगी।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 1000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2000, 1500 और 1000 रुपये किए जाएंगे। वहीं, चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख रुपये की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।
जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।